परसा चर्च के ब्रदर रिचर्ड खलखो ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
जारी थाना क्षेत्र के जरडा पंचायत अंतर्गत परसा चर्च के 25 वर्षीय ब्रदर रिचर्ड खलखो ने प्लास्टिक रस्सी के सहारे खिड़की मे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची जारी पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. घटना के संबंध में पल्ली पुरोहित फादर फिलमोन एक्का ने वे लोग स्कूल में बच्चों को पढ़ा रहे थे. लगभग तीन बजे जब सकूल छुट्टी होने के बाद घर पहुचे तो देखा कि ब्रदर का कमरा बंद है. दरवाजा खटखटाने पर भी उन्होंने दरवाजा नहीं खोला. अंदर से किसी प्रकार की आवाज भी नहीं सुनायी दी. कुछ अनहोनी होने की आशंका से इसकी सूचना जारी थानेदार आदित्य कुमार को दिये.
सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो देखा कि ब्रदर प्लास्टिक रस्सी के सहारे खिड़की में फांसी पर लटका हुआ है. वहीं मृतक के भाई अमन खलखो ने बताया कि उसका भाई काफी मिलनसार था. वह परिवार का सबसे बड़ा लड़का था. विगत 16 महीनों से वह पारिस में अपनी सेवा दे रहा था. उन्होंने आत्महत्या क्यों की. इसकी जानकारी नहीं है. थानेदार आदित्य कुमार सिंह से घटना के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है.
