गुमला

बस ऑनर एसोसिएशन का चुनाव : सर्वसम्मति से शिवप्रसाद सोनी अध्यक्ष व जेनरल महासचिव महेश कुमार लाल बने

बस ऑनर एसोसिएशन गुमला का वर्षो पुराना लेटर पैड जारी होने और लेटर पैड को लेकर गहराये विवाद के बाद गुमला बस ऑनर एसोसिएशन का चुनाव शनिवार को सर्वसम्मति से हुआ. चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष सच्चिदानंद सिंह, उपाध्यक्ष संजय पांडेय सहित चार अन्य सदस्य चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित थे. मौके पर सर्वसम्मति से गुमला बस ऑनर एसोसिएशन का अध्यक्ष शिवप्रसाद सोनी को चुना गया. जबकि जेनरल महासचिव महेश कुमार लाल, सचिव राजेश भगत जायसवाल, उपाध्यक्ष अशोक कुमार मधुकर, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार मंत्री, सह सचिव कौशल मंत्री, कुश यादव व दानिश खान को बनाया गया. वहीं मुख्य संरक्षक किशोर कुमार मंत्री व संरक्षक कृष्ण जीवन पाठक बने.

यहां बता दें कि गुमला बस ऑनर एसोसिएशन ने दुंदुरिया बस डिपो में लोहरदगा रूट के लिए बस स्टैंड बनाये जाने के बाद आंदोलन शुरू कर दिया है. आंदोलन के तहत दो दिनों से 200 बसों का परिचालन ठप है. इधर, आनन फानन में बस ऑनर गुमला ने पुराने लैटर पैड के माध्यम से बसों के हड़ताल की जानकारी प्रशासन को दिया था. पुराना लेटर पैड विभिन्न सोशल मीडिया में वायरल हुआ. जिसमें बस ऑनर के दो पूर्व पदाधिकारी जो स्वर्गीय हो चुके हैं. उनका भी नाम लेटर पैड में दर्शाया हुआ था. जिससे विवाद गहरा गया. इस मामले को प्रशासन ने भी गंभीरता से लिया. प्रशासन ने इसे फर्जी लेटर पैड करार दिया. प्रशासन ने कहा कि बस ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष से वार्ता के बाद ही दुंदुरिया बस स्टैंड का निर्णय लिया जायेगा. इसके बाद बस ऑनर ने शनिवार को सर्वसम्मति से चुनाव किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *