Gumla : दिल्ली से कौन सी टीम पहुंची गुमला और क्यों, जानें
Gumla : कुष्ठ रोगी खोज अभियान (एलसीडीसी कार्यक्रम) के प्रभावी संचालन का निरीक्षण करने हेतु नई दिल्ली से केंद्रीय टीम मंगलवार को गुमला पहुंची. टीम का नेतृत्व स्पेन से पधारे प्रोजेक्ट मैनेजर डॉ जॉन कर रहे थे. डॉक्टर जॉन के साथ केंद्रीय टीम के सदस्य डॉ शिवकुमार एवं डॉ गौतम कुमार थे. जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ केके मिश्रा द्वारा केंद्रीय टीम का स्वागत किया गया. निरीक्षण के दौरान टीम ने जिले में संचालित कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की. केंद्रीय टीम ने जिले के विभिन्न प्रखंडों में चल रहे कुष्ठ निवारण कार्यों की गहन समीक्षा की.
निरीक्षण के क्रम में टीम ने कई स्थानों का दौरा किया तथा उपचाराधीन कुष्ठ रोगियों से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति एवं उपचार प्रगति की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान कुल 10 उपचाराधीन कुष्ठ रोगियों की समस्याओं का निराकरण किया गया. साथ ही संभावित कुष्ठ रोगियों की भी चिकित्सा जांच की गयी. केंद्रीय टीम ने गुमला जिले में संचालित एलसीडीसी अभियान के कार्यों की सराहना करते हुए इसे प्रभावी एवं परिणामकारी बताया. इस अवसर पर रमेश पांडे, विजय कुमार, खुशबू खेस सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
गुमला जिले को टीबी मुक्त बनाना है : डीटीओ
जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ केके मिश्रा ने कहा कि गुमला जिले को टीबी मुक्त जिला बनाना है. इसके लिए अभियान के तहत गुमला जिले में काम हो रहा है. साथ ही सरकार द्वारा कुष्ठ रोगी खोज अभियान भी चलाया जा रहा है. जिससे एक-एक मरीज को खोजकर उसका समुचित इलाज कर जिले को पूरी तरह टीबी रोग से मुक्त किया जा सके. केंद्रीय टीम गुमला आकर कई बिंदुओं की जांच की. गुमला में हो रहे कामों की केंद्रीय टीम ने प्रशंसा की है.
