Chainpur : हादसे में 2 युवक की मौत, चैनपुर अस्पताल में नहीं थे डॉक्टर, आक्रोश फूटा
Chainpur : गुमला जिला अंतर्गत चैनपुर थाना के बम्हनी मोड़ के समीप सड़क दुर्घटना में 2 युवक की मौत हो गयी. जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना उस वक्त हुई जब तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर चैनपुर से अपने गांव बिंदोरा लौट रहे थे. तभी बम्हनी मोड़ के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गयी. दुर्घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना के एसआई विजय उरांव और एएसआई संतोष धर्मपाल लुगुन दलबल के साथ मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को तत्काल चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. दुर्घटना में घायल युवक में बिंदोरा ग्राम निवासी करण उरांव (20 वर्ष) पिता संतोष उरांव हैं. वहीं धनकुंवर लोहरा (28 वर्ष) पिता सीताराम लोहरा और अर्जुन लकड़ा (19 वर्ष) पिता मर्यानुश लकड़ा की मौत हो गई.
अस्पताल के प्रति फूटा गुस्सा
घायल को जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, तो वहां कोई भी डॉक्टर ड्यूटी पर तैनात नहीं थे. इस स्थिति को देख परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया. घायलों की गंभीर स्थिति और प्राथमिक उपचार नहीं मिलने के कारण, 108 एम्बुलेंस की मदद से तीनों को बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. चैनपुर में इलाज नहीं होने के कारण अर्जुन लकड़ा की मौत हो गयी. मौत की पुष्टि गुमला अस्पताल में डॉक्टर ने की.
