जूस पिलाने के बहाने ले जाकर छह वर्षीय मासूम की हत्या, शव कुएं से बरामद
गुमला सदर थाना के कसीरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है. यहां छह वर्षीय मासूम की बेरहमी से हत्या कर उसका शव को कुएं में फेंक दिया गया. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गयी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार गांव के ही कुलभूषण महली पर इस जघन्य वारदात को अंजाम देने का आरोप लगा है.
बताया जा रहा है कि आरोपी मासूम के घर पहुंचा और उसे जूस पिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया. इस दौरान बच्चे की मां को शक हुआ तो वह आरोपी के पीछे गयी. लेकिन रास्ते में आरोपी कहीं छिप गया और बच्चे को लेकर फरार हो गया. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पूरे गांव में बच्चे की काफी तलाश की. लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.
मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी महेंद्र करमाली पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और खोजबीन शुरू की. खोजबीन के दौरान गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक खेत के कुएं से बच्चे का शव बरामद किया गया. शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया.
बच्चे के पिता ने गांव के ही कुलभूषण महली पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. शनिवार सुबह 9.00 बजे बच्चे की मां ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी को लेकर शक करता था. इसी बात को लेकर आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
