Gumla : नो प्लास्टिक कैंपेन के तहत बांटे कपड़ा के थैले
Gumla : पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डीएवी गुमला के विद्यार्थियों ने ‘नो प्लास्टिक कैंपेन’ के तहत एक अनूठी पहल की है. ‘प्रेरणा एक अनुभवात्मक शिक्षा कार्यक्रम बैच 40’ की छात्रा ताशा झा ने साथी एनसीसी कैडेट्स के साथ मिलकर, स्थानीय निवासियों को प्लास्टिक का उपयोग कम करने और कपड़े के थैलों को अपनाने के लिए जागरूक किया. इस जागरूकता अभियान के हिस्से के रूप में सभी ने 50 से अधिक हस्तनिर्मित कलाकृति युक्त कपड़े के थैले तैयार किये. इन थैलों को नगर के मुख्य केंद्र बिरसा मुंडा एग्रो पार्क से लेकर बड़ाइक मोहल्ला स्थित डेली मार्केट में लोगों के बीच वितरित किया गया. विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ रमाकांत साहू ने छात्रों के इस रचनात्मक प्रयास की सराहना की और उन्हें प्रेरित किया.
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पर्यावरण की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और इस तरह के छोटे-छोटे कदम मिलकर बड़ा सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं. यह पूरी गतिविधि एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर सेकेंड ऑफिसर अभिजीत झा के मार्गदर्शन में संचालित की गयी. छात्रों का प्रयास एनसीसी के ‘सोशल सर्विसेज एंड कम्युनिटी डेवलपमेंट’ कार्यक्रम का एक अभिन्न हिस्सा था. मौके पर अभिज्ञान प्रकाश, हर्ष कुमार साहू, आयुष कुमार चौधरी, अद्विक वत्स, आयुष राज गोप, प्रत्युष राज, प्रणव सिंह, अथर्व सिंह और मेहुल राज शामिल थे.
