Gumla : बच्चे मोबाइल और तनाव से दूर रहें, जानें गुमला एसपी ने क्या कहा
Gumla : गुमला के डीएवी पब्लिक स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह “प्रोत्साहन 2025” का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि एसपी गुमला हारिश बिन जमां थे. विशिष्ट अतिथि के रूप में एलएमसी मेंबर देवसागर सिंह, डीएवी टीसीआइ गोविंदपुर के प्रधानाचार्य सतीश कुमार पाठक, डीएवी सिमडेगा के प्रधानाचार्य सुजय कुमार मिश्रा उपस्थित थे. गुमला के प्रधानाचार्य डा रमाकांत साहू ने कहा कि सीबीएसइ दसवीं तथा बारहवीं परीक्षा में डीएवी गुमला के विद्यार्थियों ने पूरे जिले ही नहीं राज्य में भी विद्यालय का परचम लहराया है. एसपी गुमला ने कहा कि मुझे यह जानकर खुशी हुई कि यहां के विद्यार्थियों ने शिक्षा के साथ अन्य क्षेत्रों में भी राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराया है. यह दिखलाता है कि आपकी नींव काफ़ी मज़बूत है.
उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि बच्चों को घर पर ऐसा माहौल दें जो शिक्षा का हो. बच्चे मोबाइल और तनाव से दूर रहें. टेक्नोलॉजी का सही उपयोग करना सिखाएं. आपका रोल ऐसा माहौल बनाना है. जिसमें बच्चे गलती करने पर छुपाए नहीं. आपके साथ साझा करें. आप राष्ट्र निर्माण में लगे हैं. उन्होंने अनुशासन और इनोवेशन के महत्व पर प्रकाश डाला. जीवन में कभी भी हार नहीं माननी चाहिए. यदि हम ईमानदारी पूर्वक प्रयास करते हैं तो अपने लक्ष्य को ज़रूर प्राप्त करेंगे. उन्होंने इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की काफ़ी प्रशंसा की. इसके पूर्व एनसीसी कैडेट्स ने अतिथियों का स्वागत किया. मौके पर दसवीं और बारहवीं बोर्ड की परीक्षाओं में विषयवार शत प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले, जेइइ एडवांस्ड के लिए चयनित तथा नीट क्वालीफ़ाइ करने वाले छात्रों को भी सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम का समापन मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथि को शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंटकर हुआ. धन्यवाद ज्ञापन पवित्र कुमार मोहंती ने किया. मंच संचालन संजुक्ता तथा मिथिलेश कुमार दूबे ने किया.
