Gumla : कार्ड बांटने निकले पिता, साइकिल से गिरकर मौत
Gumla : गुमला जिले के जारी थाना क्षेत्र के सिकरी नदी पुल के पास देर शाम साइकिल से गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. मृतक की पहचान श्रीनगर गांव निवासी जोयाकिम मिंज (60 वर्ष) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार जोयाकिम मिंज अपने पुत्र की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर सिकरी कोमडो से वापस अपने घर श्रीनगर लौट रहे थे. इसी दौरान सिकरी पुल के पास उनकी साइकिल अचानक अनियंत्रित हो गयी और वे गिर पड़े. गिरने से उन्हें गंभीर चोट लगी. जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गयी. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से शव को जारी थाना लाया गया. इस संबंध में जारी थाना के एएसआइ रमेश महतो ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरुवार को गुमला भेजा जायेगा. इधर अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है.
