विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस : स्वस्थ मुंह ही खुशहाल जीवन की पहचान, बोले डॉ अविनाश
विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस पर दंत चिकित्सक डॉ अविनाश कुमार ने लोगों से मुंह और दांतों की साफ-सफाई को लेकर जागरूक रहने की अपील की. उन्होंने कहा है कि इस वर्ष का संदेश “ए हैप्पी माउथ इज आ हैप्पी लाइफ” लोगों को बेहतर ओरल हेल्थ के लिए प्रेरित करता है. डॉ अविनाश ने बताया कि मुंह से बदबू आना एक सामान्य समस्या नहीं है. बल्कि यह हैलिटोसिस का संकेत हो सकता है. इसे नजरअंदाज करने से दांत और मसूड़ों से जुड़ी गंभीर समस्याएं हो सकती है. उन्होंने लोगों को रोजमर्रा की आदतों में सुधार लाने की सलाह देते हुए कहा कि दांतों की सफाई के लिए सही टूल-सेट का इस्तेमाल करें और हर दिन जीभ की सफाई अवश्य करें. साथ ही, दो दांतों के बीच की जगह को अच्छे से साफ करना बेहद जरूरी है. जिससे बैक्टीरिया पनपने न पाएं. डॉ अविनाश ने यह भी सुझाव दिया कि च्युइंग गम चबाने से मुंह की दुर्गंध कम करने में मदद मिलती है. पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, खासकर रात में उठकर पानी पीने की आदत, मुंह को हाइड्रेट रखती है. इसके अलावा संतुलित और हेल्दी भोजन भी ओरल हेल्थ को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की समस्या होने पर तुरंत दंत चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए और लापरवाही से बचना चाहिए. स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी लोगों को जागरूक करते हुए बताया गया कि आकस्मिक स्थिति में मरीजों को एंबुलेंस से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने के लिए 108 निःशुल्क हेल्पलाइन पर कॉल किया जा सकता है. वहीं, आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन-आरोग्य योजना की जानकारी के लिए 18003456540 और स्वास्थ्य संबंधी शिकायत या जानकारी के लिए 24×7 हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क किया जा सकता है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को मुंह और दांतों की देखभाल के प्रति जागरूक करना है.
