Deoghar News : देवघर साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 साइबर अपराधी गिरफ्तार
Deoghar News : पुलिस अधीक्षक देवघर श्री सौरभ के निर्देशन में साइबर डीएसपी राजा मित्रा के नेतृत्व में साइबर पुलिस देवघर द्वारा देवीपुर थाना क्षेत्र से 8 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. इन साइबर अपराधियों की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि ये फर्जी बैंक अधिकारी, कृषि पदाधिकारी, कस्टमर केयर पदाधिकारी, फर्जी क्रेडिट कार्ड पदाधिकारी और एचपी गैस पदाधिकारी बनकर साइबर अपराध किया करते थे.
इस दौरान कुल 8 मोबाइल और 12 सिम जब्त किए गए हैं. देवघर जिले में प्रतिबिंब ऐप की शुरुआत के बाद से अब तक 1382 साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है, जिसमें 1961 मोबाइल और 3807 सिम जब्त किए गए हैं. अकेले वर्ष 2025 में अब तक कुल 681 साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के साथ साथ कुल 838 मोबाइल जब्त, 1076 सिम जब्त एवं प्रतिबिंब आधारित 250 सिम जब्त किए गए हैं.
