Bharno : समाजसेवी से 10 लाख की रंगदारी की मांग, जान से मारने की धमकी
Bharno : गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने का एक मामला सामने आया है. भरनो प्रखंड के परवल गांव निवासी समाज सेवी किशोर साहू (49 वर्ष) ने थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है. जिसमें दस लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है. दर्ज शिकायत के अनुसार नौ अप्रैल 2026 की शाम करीब 4.53 बजे किशोर साहू के मोबाइल नंबर पर एक कॉल आया. कॉल करने वाले का नंबर 9470828530 बताया जा रहा है. कॉल रिसीव करते ही अज्ञात व्यक्ति ने उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी. साथ ही रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गयी. जब पीड़ित ने मोबाइल कॉलर से उसका नाम पूछा, तो उसने अपनी पहचान बताने से इनकार कर दिया.
घटना के बाद पीड़ित ने 10 अप्रैल 2026 को करंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है.
