गुमला

Gumla News: वनरक्षी ने लड़कियों से कहा- ज्यादा बोलेगी तो लाठी लाठी मारेंगे

Gumla News: वन विभाग के वनकर्मियों ने गांव की लड़‍कियों से अभद्र व्यवहार किया है. अपशब्द भी कहा है. मौके पर वीडियो बना रहे एक युवक को भी वनरक्षी ने पीटा है. यहां तक कि एक वनकर्मी ने डंडा दिखाते हुए लड़कियों से कहा कि ज्यादा बोलेगी तो लाठी लाठी मरेंगे. इतना मारेंगे कि कपार (माथा) फट जायेगा. एक लड़की को तो चौधरी बन रही हो बोलते हुए वनकर्मी ने कहा कि इतना मारेंगे कि मुंह से खून फेंक देगा. वनकर्मी की इस प्रकार की धमकी भरे शब्दों का वीडियो जिला परिषद सदस्य ने प्रभात खबर का उपलब्ध कराया है. दरअसल हुआ यूं कि गांव की एक दर्जन लड़कियां कतरी पंचायत के हेठजोरी जंगल से जलावन के लिए सूखी लड़की सिर पर लेकर गांव लौट रही थी.

तभी हेठजोरी गांव के समीप रास्ते में दो वनकर्मी पहुंच गये. वनकर्मियों ने लड़कियों को रोक लिया. सभी की लकड़ी जब्त कर ली. लड़कियों को एक जगह खड़ा कर दिया. जब लड़कियों ने कहा कि जलावन के लिए सूखी लकड़ियां घर ले जा रहे हैं तो यह सुनते ही एक वनकर्मी आग बबूला हो उठा. वह अपने हाथ में डंडा पकड़े हुए थे. लड़कियों की और डंडा से इशारे करते हुए मारने पीटने की धमकी देने लगा. जिससे सभी लड़कियां डर गयी और चुपचाप बैठ गयी. करीब एक घंटे तक डराया व धमकाया गया. इसके बाद लड़कियों को वहां से गांव जाने दिया गया. इस घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है.

वनरक्षी ने वीडियो बनाने वाले युवक को पीटा

जिला परिषद सदस्य तेतरू उरांव ने कहा है कि कुछ गांव की महिलाएं जलावन के लिए जंगल से सूखी लकड़ी काट कर ला रही थी. वहां के वनरक्षी एवं गार्ड ने लड़कियों को अपशब्द कहा है. मारने पीटने की धमकी दिया है. घटना के वक्त वहां एक युवक देवचरण उरांव मौजूद था जो वनरक्षी की बातों का वीडियो बना रहा था. इसपर देवचरण उरांव के साथ मारपीट किया गया. तेतरू उरांव ने कहा है कि वनरक्षी को इस प्रकार अपशब्द लड़कियों के साथ नहीं बोलना था. न ही किसी ग्रामीण को पीटना था. जंगल को बचाने वाले यहां के हम आदिवासी लोग हैं. क्या हम लोग जलावन के लिए सुखी लकड़ी नहीं ले सकते? वनरक्षी एवं गार्ड के साथ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. नहीं तो मजबूरन हम आगे की रणनीति पर काम करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *