Ghaghra News: इंटर के छात्र ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की
Ghaghra News: घाघरा थाना क्षेत्र के आदर भंडारटोली गांव में इंटर के छात्र रोहित उरांव ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंच शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम हेतु गुमला भेज दिया. जानकारी के अनुसार रोहित उरांव इंटर का छात्र है जो गुमला कॉलेज में पढ़ाई करता था. इधर, विगत सात दिनों से वह कॉलेज नहीं जा रहा था. बुधवार को जब मां ने पूछा की कॉलेज क्यों नहीं जा रहे हो तो रोहित ने कुछ नहीं कहा. जिसके बाद उसकी मां बिमरला पहाड़ स्थित अपना होटल सामान लेकर निकल गयी.
रोहित का पिता भी बिमरला होटल में ही था. वहीं मां के जाने के बाद घर पर रोहित अकेला रह गया. दूसरे दिन गुरुवार को जब रोहिता का पिता बिमरला होटल से घर लौटा तो घर का दरवाजा बंद पाया. काफी देर तक हल्ला गुल्ला करने के बाद भी घर का दरवाजा नहीं खुला. जिसके बाद पिता ने सीढ़ी लगाकर घर का खपड़ा हटाकर देखा तो घर के छप्पर में साड़ी के सहारे रोहित फांसी पर लटका हुआ पाया. जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी. खबर लिखे जाने तक आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.
