Gumla Accident : बोलेरो व टैंकर की टक्कर में दो की मौत, पांच घायल
Gumla Accident : कामडारा थाना क्षेत्र के खूंटी-सिमडेगा मुख्य पथ स्थित पोकला बाजारटांड़ के समीप गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे भीषध सड़क हादसा हुआ है. दो पर्यटकों की मौत हो गयी. जबकि पांच पर्यटक घायल हैं. बोलेरो व ट्रक (टैंकर) में जोरदार भिड़ंत हुई थी. मृतकों में खूंटी जिला के हासा गांव निवासी शिवदत मांझी (40) व मुरहू निवासी अनुज (27) शामिल है.
वहीं घायलों में रेवा गांव निवासी अमित महतो, चंदरू राम, जमुआदाग निवासी सुनील कुमार, मुरहू के बांदे गांव निवासी रंजीत महतो व प्रभाष कुमार शामिल हैं. घायल प्रभाष कुमार की स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है. जानकारी के अनुसार शिवदत मांझी, अनुज, अमित महतो, चंदरू राम, सुनील कुमार रंजीत महतो व प्रभाष कुमार बोलेरो गाड़ी से रामरेखा मेला घूमने गये हुए थे. मेला घूमने के बाद वे सभी वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी बीच पोकला बाजारटांड़ के समीप उनकी बोलेरो की ट्रक से भिड़ंत हो गयी. भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बोलेरो गाड़ी के परखच्चे उड़ गये और गाड़ी पलट गयी. बोलेरो गाड़ी में सवार लोग गाड़ी के अंदर ही फंसे रह गये.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. स्थानीय लोगों व पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बोलेरो गाड़ी में सवार घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला. बोलेरो में सवार शिवदत मांझी व अनुज की घटना स्थल ही मौत हो गयी, जबकि अन्य लोगों को गंभीर चोट लगी. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कामडारा में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया.
