Gumla : अनुपस्थित रहने वाले अधिकारी व कर्मी पर डीसी ने लिया एक्शन
Gumla : उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने सोमवार को समाहरणालय भवन स्थित सभी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने स्वयं प्रत्येक कार्यालय में जाकर वहां कार्यरत पदाधिकारियों व कर्मियों की उपस्थिति की जांच की तथा अटेंडेंस रजिस्टर का अवलोकन किया. निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाये गये एवं कार्यालय कार्य में अनियमितता करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के एक दिन का वेतन स्थगित करने हेतु निर्देश दिया.
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अधिकारी एव कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहें तथा कार्यालय की मर्यादा व नियमों का सख्ती से पालन करें. उपायुक्त ने कहा कि लापरवाही या अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि यदि कोई अधिकारी या कर्मी फील्ड विजिट पर है, तो उसे इसकी सूचना व लाइव लोकेशन संबंधित वरीय अधिकारी को साझा करनी होगी. बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के वेतन रोकने का भी निर्देश दिया गया. कहा कि कार्यालयीन अनुशासन, समयपालन व कार्य के प्रति समर्पण ही सुचारू प्रशासनिक व्यवस्था की पहचान है. जिसे सभी को बनाये रखना चाहिये.
