Gumla : कोरवा युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की
Gumla : जारी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर पंचायत के कोरवा जनजाति बहुल गांव डुमरपानी में बलीराम कोरवा के पुत्र गोवर्द्धन कोरवा (30) ने गत गुरुवार की शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि गत गुरुवार की शाम में गोवर्द्धन नशे की हालत में था. घरेलु विवाद के बाद उसने करंज के पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया. बाद में घटना की जानकारी होने के बाद परिजन व ग्रामीण आनन-फानन में गोवर्द्धन को पेड़ से उतारकर इलाज के लिए जशपुर (छत्तीसगढ़) अस्पताल ले गये. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करायी. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है. गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.
