Gumla : देह व्यापार कराने वाले को पुलिस ने यूं दबोचा
Gumla : देह व्यापार मामले में चैनपुर पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा है. पकड़े गये चार आरोपियों में से तीन आरोपी बाहर के हैं जो देह व्यापार हेतु लड़कियों को ले जाने के लिए चैनपुर पहुंचे थे. पकड़े गये लोगों में लातेहार के महुआडांड़ निवासी नितीश कुमार (23), पलामू डाल्टेनगंज की सोनी कुमारी उर्फ खुशी (23) व पलामू चैनपुर के कैफ रजा (19) व डुमरी की नंदनी कुमारी (18) हैं.
जानकारी के अनुसार करीब 10 दिन पूर्व चैनपुर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की के मोबाइल पर एक अज्ञात फोन आया था. फोन करने वाली महिला ने खुद को डाल्टेनगंज निवासी बतायी और कहा कि उसे एक रात के एवज में 6000 हजार रुपये मिलेंगे. फोन करने वाली महिला ने चैनपुर की लड़की को पैसों का लालच दिया. लड़की ने फोन पर हुई बातचीत की जानकारी अपनी मां रेखा बाड़ा को दी. जिसके बाद लड़की की मां रेखा बाड़ा ने इसकी शिकायत चैनपुर थाना में की. उसने इसकी जानकारी जेएसएलपीएस सदस्यों को भी दी.
शिकायत मिलने के बाद चैनपुर पुलिस ने देह व्यापार में शामिल लोगों को पकड़ने की रणनीति बनायी और फोन करने वाली डाल्टेनगंज की महिला को चैनपुर बुलवाया. जिसके बाद डाल्टेनगंज से एक वाहन (जेएच03एटी 9491) से नितिश कुमार, सोनी कुमारी, कैफ रजा व नंदनी कुमारी चैनपुर पहुंचे. उनके चैनपुर पहुंचते ही पहले से सतर्क पुलिस व ग्रामीणों ने घेराबंदी कर चारों लोगों को पकड़ लिया. चैनपुर पुलिस ने बताया कि रेखा बाड़ा की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए देह व्यापार कराने वाले चार लोगों को पकड़ा गया है. चारों से पूछताछ किया जा रहा है. ताकि इस गिरोह के नेटवर्क का पता लगाकर कार्रवाई की जा सके.
