Gumla : जिंदा जला ट्रेलर गाड़ी का चालक
Gumla : गुमला में ट्रेलर गाड़ी में आग लगने के बाद चालक जिंदा जलकर मर गया. घटना गुमला व जशपुर रोड स्थित सिलम बाइपास के पास घटी है. सिलम बाइपास के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे जामुन के पेड़ को जोरदार टक्कर मार दिया. घटना के बाद ट्रेलर में शॉर्ट सर्किट हुई और ट्रेलर धू धू कर जलने लगा. जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय लोग घर से बाहर निकले और घटना की सूचना गुमला थाना को दी. गुमला थाना प्रभारी महेंद्र करमाली दल बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अग्निशमन की मदद से गुरुवार की अहले सुबह 4.00 बजे आग पर काबू पाया. इसके बाद जेसीबी बुलाकर वाहन में फंसे चालक को बाहर निकाला गया. उस वक्त तक चालक की सांसे चल रही थी. तत्काल उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां एक घंटे की इलाज के बाद उसकी मौत हो गयी. बताया जाता है कि ट्रेलर में जेसीबी लोड था.
वहीं चालक की पहचान नहीं हो पायी है. सदर अस्पताल कर्मियों ने बताया बोलेरो से कुछ लोग सदर अस्पताल आये थे और वहीं से फोन कर परिजनों को सूचना दी गयी है. परिजनों के आने के बाद सदर अस्पताल गुमला में शव का पोस्टमार्टम किया जायेगा. फिलहाल मृतक के शव को सदर अस्पताल के शवगृह में रखा गया है.
