गुमला

Gumla : पति ने पत्नी को टांगी से काटा

Gumla : गुमला सदर प्रखंड के टोटो नवाटोली में मंगलवार को संदीप उरांव ने अपनी पत्नी 39 वर्षीय सरोज उरांव को टांगी से काटकर हत्या कर दी. पत्नी की हत्या करने के बाद संदीप उरांव अपने ढाई वर्षीय बेटे के साथ खेलते नजर आया. ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले संदीप उरांव की मानसिक स्थिति खराब हो गयी और वह विक्षिप्तों जैसा व्यवहार करने लगा. इस मानसिक रोग के कारण उसने अपनी पत्नी को मार डाला. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया है. अभी संदीप को गुमला थाना में रखा गया है.

गांव के वैद्य से इलाज कराया गया था

गांव के लोगों ने बताया कि टोटो नवाटोली निवासी सरोज उरांव द्वारा अपने पति संदीप उरांव की कुछ दिनों से मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने की वजह से मंगलवार की सुबह को लोरो गांव एक वैद्य के पास इलाज कराने के लिए ले गयी थी. जहां से घर लौटने के बाद सरोज उरांव खाना निकालकर संदीप उरांव को खाने को बोली. इसी बीच संदीप घर से निकलकर भागने लगा. जिसे कुछ दूरी से पत्नी द्वारा पकड़ कर घर लाया गया. इसी दौरान दोनों के बीच लड़ाई होने लगी. इसके बाद घर में रखे हुए टांगी निकाल कर पति संदीप उरांव ने सरोज के सर पर वार कर दिया. जिससे मौके पर ही सरोज उरांव की मौत हो गयी. जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पति को पकड़ कर रखा और पुलिस के हवाले कर दिया.

मृतका ने दूसरी शादी की थी

घटना की सूचना पर गुमला थानेदार सुरेंद्र करमाली, टोटो थाना प्रभारी उदेश्वर पाल पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. आरोपी संदीप को हिरासत में लेकर थाना लाकर पूछताछ कर रही है. घटना में प्रयुक्त टांगी भी जब्त कर लिया. मृतका सरोज उरांव का शिवपुर डुमरला में पहली शादी हुई थी. जिससे एक बेटी है जो कस्तूरबा में 8वी क्लास में पढ़ाई करती है. पहले पति की मौत के बाद चार वर्ष पहले सरोज उरांव दूसरी शादी संदीप उरांव से की थी. जिससे ढाई साल का बेटा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *