Gumla : निदेशक के निरीक्षण में कर्मचारी मिले गायब, लिया गया एक्शन
Gumla : उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन जिला ग्रामीण विकास विभाग गुमला विद्या भूषण कुमार ने शनिवार को चैनपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में कार्यालयों में कई कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये. जिसपर निदेशक द्वारा बीडीओ को अनुपस्थित कर्मियों की उपस्थिति काटते हुए स्पष्टीकरण मांगे जाने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि अंचल कार्यालय चैनपुर में ओलिया कुजूर नामक आवेदिका अपने भूमि की रसीद कटवाने हेतु विगत छह माह से प्रयासरत है. लेकिन किंतु अभी तक रसीद निर्गत नहीं की गयी थी. इस संबंध में आवेदिका ने निदेशक के समक्ष अपनी समस्या को रखा. निदेशक ने आवेदिका की समस्या पर त्वरित संज्ञान लेते हुए अंचल निरीक्षण व संबंधित हलका कर्मचारी को नियमानुसार कर्रवाई करते हुए समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया.
वहीं निदेशक ने प्रखंड व अंचल के पदाधिकारियों को 10 दिन के भीरत सभी रोकड़ पंजी सहित सभी आवश्यक पंजियों का संधारण करने का निर्देश दिया.
