गुमला की बेटियां शिक्षा, स्वास्थ्य व खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं : शकुंतला उरांव
International Women Day : महिला महाविद्यालय गुमला में बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उदघाटन मुख्य अतिथि नप अध्यक्ष शकुंतला उरांव ने विधिवत रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. मौके पर शकुंतला उरांव ने कहा कि फूल नहीं चिंगारी हैं हम. भारत की नारी हैं. हम झारखंड की नारी हैं. हां हम सब पर भारी हैं. उन्होंने कहा कि आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रही हैं. गुमला की बेटियां भी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं. महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर प्रसन्नजीत मुखर्जी ने कहा कि यह महाविद्यालय छात्राओं के योगदान से जिले में मील का पत्थर साबित होगा. वहीं कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. विशेषकर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में छात्राओं ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में महिलाओं के योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया. जिसमें बेहतर प्रदर्शन के लिए गीतांजलि, कल्याणी, अनामिका, रिया, खुशमती व साक्षी को पुरस्कृत किया गया.
सोलो डांस प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार आकृति बरुआ को दिया गया. समूह नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार रेनू व उनकी टीम, द्वितीय पुरस्कार रांची व टीम एवं तृतीय पुरस्कार शबनम व उनकी टीम को दिया गया. इसके साथ ही महाविद्यालय में उत्कृष्ट उपस्थिति के लिए रिया कुमारी को सम्मानित किया गया. वहीं समाज में मिसाल कायम करते हुए टोटो चलाकर अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए अर्चना कुमारी व कार्यक्रम के उत्कृष्ट संचालन के लिए सुरैया नाज को सम्मानित किया गया. इसके साथ ही कार्यक्रम में महाविद्यालय के कैप्टन व वाइस कैप्टन का भी चयन किया गया. जिसमें कैप्टन सुरैया नाज एवं वाइस कैप्टन तन्नू व अनामिका को बनाया गया. कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर ईशाबेला होरो व आलोक कुमार ने किया. कार्यक्रम में रुम्मा, प्रियंका, कावेरी नाग व पूजा चौधरी सहित सभी शिक्षिकाएं व छात्राएं शामिल रही.
