गुमला

Gumla : खुश जनम पर्व और हैप्पी क्रिसमस, बोले बिशप लीनुस पिंगल एक्का

Gumla : झारखंड क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन (जेसीवाइए) जिला कमेटी गुमला के तत्वावधान में रविवार को गुमला शहर में क्रिसमस कार्निवल सह शोभायात्रा निकाली गयी. शोभायात्रा का शुभारंभ सिसई रोड गुमला स्थित संत इग्नासियुस स्कूल के समीप से हुआ. जो टावर चौक होते हुए थाना रोड, लोहरदगा रोड, पटेल चौक से मेन रोड होते हुए पुन: सिसई रोड संत इग्नासियुस स्कूल के समीप पहुंचकर संपन्न हुआ. शोभायात्रा में काफी संख्या में युवक-युवतियों ने भाग लिया. जो क्रिसमस के गानों पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे. इस दौरान रांची के गायक दल द्वारा क्रिसमस गीतों की प्रस्तुती दी गयी.

मुख्य अतिथि गुमला धर्मप्रांत के बिशप लीनुस पिंगल एक्का ने सबों को क्रिसमस पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खुश जनम पर्व और हैप्पी क्रिसमस. बिशप ने कहा कि जब प्रभु यीशु का जन्म हुआ तो सारी दुनिया में खुशियां फैल गयी. आसमान से दूत गणों ने फूल बरसाये और स्वर्ग में परमेश्वर की महिमा के गीत गाये. उन्होंने इस धरती में आकर शांति का संदेश दिया. मानव जाति को प्रेम व भाईचारगी का पाठ सिखाया. क्रिसमस हमें भाईचारगी का संदेश देता है. परमेश्वर हम सबों को आशीष प्रदान करें और हमारी रक्षा करें. शोभायात्रा के दौरान विधि-व्यवस्था को लेकर सदर थाना प्रभारी महेंद्र करमाली दल-बल के साथ शामिल रहे. शोभायात्रा में फादर मूनसन बिलुंग, एसोसिएशन के सचिव सुनील कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष सजीत पन्ना, पास्टर माइकल, जोसेफ टोप्पो, उत्तम बेक, अमित एक्का, जयमंती एक्का, अनमोल कुजूर, फादर सोमनाथ, नेहा तिर्की, परवीन तिर्की सहित काफी संख्या में युवक-युवतियां शामिल थे.

आपस में प्रेम रखें, लड़ाई-झगड़ा व हिंसा से बचें : हेमंत कुमार

जेसीवाइए के अध्यक्ष हेमंत कुमार ने कहा कि क्रिसमस का पावन त्यौहार नजदीक है. इस त्यौहार में सभी विश्वासी यीशु मसीह की भक्ति में डूब जाते हैं. यह त्यौहार हम सबों के लिए महत्वपूर्ण है. यीशु मसीह इस जगत पर आकर प्रेम व भाईचारगी का पाठ हमें सिखाया है. क्रिसमस हमें भाईचारगी का संदेश देता है. लेकिन वर्तमान समय में देखा जा रहा है कि लोगों में प्रेम नहीं है. प्रेम सबसे बड़ा चीज है. यही बात हमें प्रभु यीशु मसीह सिखाते हैं. आपस में हम प्रेम रखें. लड़ाई-झगड़ा व हिंसा से बचे. हम मसीहियों को प्रभु के प्रेम व दया को साथ लेकर संसार में रहना है.

युवा नशा व तेज बाइक राइडिंग से बचें : अलविन

केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अलविन लकड़ा ने कहा आपस में प्रेम रखें. प्रभु यीशु मसीह मानव जाति के लिए आये थे. उन्होंने किसी धर्म की स्थापना नहीं की, बल्कि इस धरती पर उन्होंने सबों को प्रेम करना सिखाया और इंसानियत का पाठ पढ़ाया. आईये भारत देश में हम सभी मिलकर शांति, अमन व चैन कायम करने में योगदान दें और जाति व धर्म से ऊपर उठकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें. उन्होंने युवाओं से नशापान व तेज बाइक राइडिंग से बचने की अपील की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *