Jharkhand Weather : पूरे झारखंड में बढ़ी ठंड, सात जिलों में शीतलहरी का अलर्ट
Jharkhand Weather : झारखंड में ठंड की शुरुआत हो गई है. मौसम विभाग के अनुसार, 11 और 12 नवंबर को पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा और सिमडेगा में शीतलहरी चलेगी, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. राज्य के अन्य इलाकों में भी तापमान दो से तीन डिग्री तक घट सकता है। शनिवार से ठंड बढ़ेगी और सुबह के समय कोहरा, धुंध व ठंडी हवाएं चलेंगी.
तापमान में आयी गिरावट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य में न्यूनतम तापमान में सबसे बड़ी गिरावट मेदिनीनगर में दर्ज की गयी है. यहां पारा 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे गिरा है. यहां अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं रांची का अधिकतम तापमान 27 डिग्री रहा, जिसमें सामान्य से 0.9 डिग्री की कमी आयी है. वहीं न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम रहा. जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री रहा. बोकारो का भी अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री और न्यूनतम 11.3 डिग्री दर्ज किया गया है. बोकारो के न्यूनतम तापमान में सामान्य से 4.2 डिग्री की कमी आयी. राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा का रहा. सोमवार को यहां का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री रहा. वहीं कांके के ग्रामीण क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो शहर की तुलना में करीब 3.9 डिग्री कम है.
फसलों पर शीतलहरी का असर, किसानों को अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है. बताया गया कि शीतलहरी से आलू की पत्तियों को नुकसान हो सकता है और झुलसन रोग बढ़ सकता है. सरसों की फसल में लाही मारने की समस्या और पाले से पौधों पर प्रतिकूल प्रभाव की आशंका है. किसानों को सलाह दी गयी है कि फसलों की सुरक्षा के लिए दवा का छिड़काव करें. शाम में हल्की सिंचाई कर पौधों की जड़ों में नमी बनाये रखें. नवजात पशुओं को ठंड से बचाने के लिए अलाव जलायें और जूट का बोरा ओढ़ायें.
