झारखंड

Jharkhand Weather : 8 से 10 मार्च तक झारखंड में बारिश के आसार

Jharkhand Weather : लगातार कुछ दिनों की गर्मी के बाद एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के नॉर्थ ओडिशा से पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ने से एक बार फिर झारखंड का मौसम बदल सकता है. सात मार्च को राज्य के दक्षिण-पूर्वी भाग, खासकर रांची, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, गिरिडीह आदि इलाकों में आंशिक बादल छाये नजर आए. कहीं कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश देखने को मिली.

आठ, नौ और 10 मार्च को भी राज्य के उत्तर-पूर्वी भाग, दक्षिणी भाग और मध्य भाग में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ बारिश हो सकती है. नौ मार्च को कहीं-कहीं (हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, रामगढ़, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहेबगंज आदि जिलों में) वज्रपात भी हो सकता है. इसे देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र ने खासकर इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. रांची में 10 मार्च को आंशिक बादल छाये रह सकते हैं. जबकि 11 मार्च से सभी जिलों में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा और मौसम शुष्क रहेगा.

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. राज्य के सभी जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *