Gumla : नशापान से दूर रहकर खेल से करियर बनाये, घाघरा सीओ ने कहा
Gumla : गुमला के परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय स्व मनरखन गोप स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट में रविवार को छह मैच खेले गये. उदघाटन मैच के मुख्य अतिथि घाघरा अंचल के सीओ सह गुमला के कार्यपालक दंडाधिकारी खाखा सुशील कुमार थे. श्री खाखा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और फुटबॉल का किक मारकर मैच का उदघाटन किये. उन्होंने कहा कि गुमला खेल नगरी है. इसका उदाहरण यहां के खिलाड़ी आज जिला से लेकर राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग छाप छोड़ चुके हैं. गुमला शुरू से ही खेल के क्षेत्र में विख्यात रहा है. इसलिए जब भी गुमला में कोई प्रतियोगिता होती है. खेल प्रेमियों की भीड़ देखी जाती है. गुमला के युवाओं में खेल के प्रति जुनून है. युवाओं से अपील है. आप खेल के क्षेत्र में अपना करियर बनाये. लेकिन इससे पहले आपको नशापान व हर प्रकार की बुराई से दूर रहना होगा. तभी आप आगे बढ़ सकते हैं और अपना भविष्य बना सकते हैं.
उन्होंने गुमला में फुटबॉल मैच के आयोजन पर कमेटी को बधाई दी. साथ ही खेल के प्रति समर्पित रहने व खिलाड़ियों को इसी प्रकार प्लेटफार्म देने की अपील की. विशिष्ठ अतिथि समाज सेवी सह पूर्व क्रिकेटर मुन्ना सिंह ने कहा कि गुमला लगातार खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है. गुमला प्रशासन इसमें अच्छा काम कर रहा है. इसके अलावा खेल से जुड़े लोग भी लगातार खिलाड़ियों को प्लेटफार्म देने के लिए इस प्रकार के खेल का आयोजन कर रहे हैं. इस प्रकार के आयोजन से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा. उन्होंने गुमला प्रशासन से मांग किया है कि गुमला में स्पॉर्टस कॉम्पलेक्स का निर्माण हो. जिससे खिलाड़ियों को और बेहतर सुविधा व प्रशिक्षण मिल सके. मौके पर तेम्बू उरांव, कृष्णा उरांव, राजनील तिग्गा, कुंदन कुमार, अजय सिंह राणा, सुरेश उरांव, अभिषेक सोरेंग, मनोज साहू, मनीष सिंह, जय सिंह, मंगलराम भगत, परमेश्वर साहू, आशीष गोप, त्रिभुवननाथ निराला, नकुल साहू सहित कई लोग थे.
आज के चीफ गेस्ट संयुक्ता देवी होंगी
स्टेडियम में चले रहे प्रतियोगिता का क्वार्टर फाइनल मुकाबला आठ दिसंबर को खेला जायेगा. इसके मुख्य अतिथि जिला परिषद गुमला की उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी होंगी.
जूनियर एफसी सतरंगी के खिलाड़ियों का रहा दबदबा
गुमला. परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम में खेले गये स्व मनरखन स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट में रविवार को जूनियर एफसी सतरंगी के खिलाड़ियों का दबदबा रहा. सतरंगी की टीम ने लगातार दो मैच जीतकर अगले चक्र में प्रवेश किया. कुल छह मैच हुआ था. जिसमें पहले मैच में संतोष ब्रदर्स ने न्यू स्टार घाघरा को हराया. वहीं दूसरे मैच में एकलव्य छात्रावास सिसई ने गम्हरिया एफसी, तीसरे मैच में जूनियर एफसी सतरंगी की टीम ने भगत ब्रदर्स, चौथे मैच में मोंटेन डयू एफसी ने संजीवन स्पोटर्स, पांचवें मैच में एकलव्य छात्रावास सिसई ने संतोष ब्रदर्स व छठे मैच में जूनियर एफसी सतरंगी मोंटेन डयू को हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया. इससे पहले मैच का उदघाटन घाघरा अंचल के सीओ खाखा सुशील कुमार ने किया था.
