LPG Crisis : क्या शादी वाले घर में गैस सिलिंडर दिया जा रहा है? जानें झारखंड का हाल
LPG Crisis : शादी-विवाह और महत्वपूर्ण सामाजिक व धार्मिक आयोजनों के लिए गैस की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की घोषणा अभी धरातल पर नहीं उतर पायी है. खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ इरफान अंसारी द्वारा दो दिन पहले की गयी घोषणा का आदेश अभी तक जिलों को प्राप्त नहीं हुआ है. नतीजा यह है कि शादी-विवाह वाले घरों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है. मंत्री ने शादी में अनिवार्य रूप से तीन कॉमर्शियल गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की घोषणा की थी. इसे लेकर राजधानी के 25 परिवारों ने आवेदन जमा किया है, जिनके घरों में शादी समारोह का आयोजन होना है.
इन परिवारों को जिला प्रशासन से अतिरिक्त सिलिंडर उपलब्ध कराने की अनुमति मिलने का इंतजार है. लेकिन आवेदनों पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है. जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय ने बताया कि शादी समारोह के लिए सिलिंडर देने को लेकर अभी तक कोई लिखित आदेश प्राप्त नहीं हुआ है. आदेश मिलने पर ही अनुमति दी जा सकेगी.
उधर, बिहार में यह विशेष व्यवस्था लागू भी हो गयी
पड़ोसी राज्य बिहार में शादी-विवाह के आयोजनों के लिए कॉमर्शियल गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की विशेष व्यवस्था की गयी है. इसके तहत आवेदक को एसडीओ कार्यालय में शादी का कार्ड, मेहमानों की संख्या और आवश्यक सिलिंडरों का विवरण देकर आवेदन करना होता है. समीक्षा के बाद सात दिनों के भीतर संबंधित एजेंसी को सिलिंडर उपलब्ध कराने का निर्देश दे दिया जाता है.
