सरहुल मनाकर लौट रही नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार
गुमला थाना क्षेत्र अंतर्गत टोटो इलाके के ग्राम कीता गांव में एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना 11 अप्रैल 2026 की सुबह की बतायी जा रही है. जबकि इसकी सूचना पुलिस को दोपहर करीब 12 बजे मिली. जानकारी के अनुसार पीड़िता सरहुल पर्व मनाने के बाद सुबह करीब 4.00 बजे अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान गांव के ही तीन युवकों ने उसे जबरन जंगल डांड की ओर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया.
इस संबंध में पीड़िता के परिजन द्वारा दिये गये लिखित आवेदन के आधार पर गुमला थाना में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस के अनुसार 11 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली कि सरहुल पर्व मनाने के बाद सुबह करीब 4.00 बजे घर लौट रही एक नाबालिग लड़की को गांव के ही तीन युवकों ने जबरन जंगल डांड की ओर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया. इस मामले में पीड़िता के परिजन द्वारा दिये गये लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हारिश बिन जमां के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी महेंद्र करमाली के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. साथ ही घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए रांची से फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया. छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपियों यथा प्रदीप तुरी (24 वर्ष), सुरेश उरांव (22 वर्ष) और मुकेश लोहरा (29 वर्ष) को कीता गांव स्थित जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. सभी आरोपी उसी गांव के निवासी हैं.
