झारखंड

New Year 2026 : पिकनिक स्पॉट पर चलेगा नशामुक्ति अभियान, सात फॉल चिह्नित

New Year 2026 : पुराने वर्ष की विदाई और नववर्ष के स्वागत को लेकर लोग पिकनिक के मूड में आ गये हैं. बड़ी संख्या में लोग पिकनिक स्थलों पर पहुंचते हैं. पिकनिक के दौरान अक्सर युवाओं द्वारा नशापान करने का मामला सामने आता है, जिससे दुर्घटनाएं भी होती हैं. ऐसे में इस बार झारखंड राज्य युवा आयोग ने रांची के निकट सात जलप्रपातों को चिह्नित किया है, जहां बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने पहुंचते हैं. यहां नशापान व इसके दुष्प्रभावों को लेकर कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा.

यह कार्यक्रम सात दिसंबर से शुरू होकर 25 जनवरी तक चलेगा. अलग‑अलग तिथियों में अलग‑अलग जगहों पर कार्यक्रम होंगे. कार्यक्रम आयोजन की जिम्मेवारी अलग‑अलग संस्थाओं को दी गयी है. इसके तहत सीता फॉल, जोन्हा फॉल, हिरनी, पंचघाघ जलप्रपात, रिमिक्स फॉल, दशम फॉल और हुंडरू फॉल में कार्यक्रम का आयोजन होना है. यह कार्यक्रम जलप्रपात के निकास या इंट्री प्वाइंट पर होगा, ताकि ज्यादा-से-ज्यादा पर्यटक इसे देख सकें. कार्यक्रम सुबह 10 बजे से चार बजे तक होगा.

इस दौरान नुक्कड़ नाटक, लाइव परफॉरमेंस, प्री‑रिकॉर्डेड मैसेज का प्रसारण और स्थानीय भाषाओं में गीत आदि के कार्यक्रम किये जायेंगे. यह निर्देश दिया गया है कि आयोजन के लिए स्थानीय पर्यटक मित्रों से समन्वय स्थापित किया जाये.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *