Gumla : पैंगोलिन तस्करों का केंद्रीय टीम पर हमला, जान बचाकर भागी टीम
Gumla : गुमला जिलांतर्गत बिशुनपुर एवं गारू थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में वन्यजीव तस्करों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. अब हालात ऐसे हो गये हैं कि तस्कर केंद्रीय एजेंसियों की टीम पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे हैं. ताजा मामला चिलम पोखर गांव के समीप कोयल नदी क्षेत्र का है. जहां छापेमारी के दौरान केंद्रीय टीम पर जानलेवा हमला कर दिया गया. जानकारी के अनुसार वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी) की छह सदस्यीय टीम जय शर्मा के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करने पहुंची थी. सूचना मिली थी कि यहां विलुप्तप्राय पैंगोलिन का शिकार कर उसकी तस्करी की जा रही है. टीम के साथ महुआडांड़ फॉरेस्ट रेंज के कर्मी भी शामिल थे. जैसे ही टीम मौके पर पहुंची. तस्करों में अफरा-तफरी मच गयी और वे भागने लगे. टीम ने साहस दिखाते हुए पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया. पकड़े गये आरोपी के पास से एक पैंगोलिन भी बरामद किया गया.
बच्चा चोर का शोर बना हमले की वजह
पकड़े गये आरोपी ने खुद को बचाने के लिए अचानक बच्चा चोर का शोर मचाना शुरू कर दिया. शोर सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गये और बिना सच्चाई जाने केंद्रीय टीम व वनकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया. स्थिति इतनी गंभीर हो गयी कि टीम की जान खतरे में पड़ गयी. इस दौरान एक आरोपी महिला को भी पकड़ा गया. लेकिन वह महिला वन विभाग के वाहन चालक को दांत काटकर खुद को छुड़ा लिया और फरार हो गयी. हालात बिगड़ते देख टीम को मजबूरन अन्य आरोपियों को छोड़ना पड़ा और किसी तरह पैंगोलिन को सुरक्षित लेकर वहां से निकलना पड़ा. टीम पैंगोलिन को लेकर महुआडांड़ चले गये.
पुलिस जांच में जुटी, सबूत बरामद
घटना की सूचना मिलते ही गुमला एसपी के निर्देश पर बिशुनपुर थाना पुलिस तुरंत चिलम पोखर गांव पहुंची. पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त कैंपर वाहन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. मामले की जांच शुरू कर दी गयी है तथा हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है.
बढ़ती घटनाओं से चिंता
इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीव तस्करी के बढ़ते नेटवर्क और ग्रामीण क्षेत्रों में फैल रही अफवाहों की गंभीरता को उजागर कर दिया है. विशेषज्ञों का मानना है कि जागरूकता की कमी और अफवाहों के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही है. जिससे न केवल वन्यजीवों की सुरक्षा, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी खतरा मंडरा रहा है.
