Gumla : कमीशन का चक्कर भईया! मरीज को रिम्स की जगह ले गये निजी क्लीनिक, फिर हुआ ये
Gumla : गुमला सदर अस्पताल में कमीशन का खेल चल रहा है. यहां से रेफर करने वाले मरीजों को रांची रिम्स की जगह शहर के निजी क्लीनिक में एंबुलेंस चालक ले जा रहे हैं. प्रति मरीज पांच हजार रुपये कमीशन खा रहे हैं. ऐसा ही एक मामला रविवार को सामने आया. गुमला सदर प्रखंड के मड़वा निवासी रोहित साहू की 22 वर्षीय पत्नी एतवारी कुमारी के डिलेवरी के नाम पर 90 हजार रुपये वसूल लिया गया. फिर भी संपूर्ण इलाज नहीं हुआ. जिसके बाद और पैसे की मांग करने पर उसके अभाव में डिस्चार्ज कर सदर अस्पताल गुमला पहुंचा दिया. इस मामले को लेकर रोहित साहू ने बताया कि उसकी पत्नी एतवारी कुमारी दर्द होने पर कोटाम के ममता वाहन से सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. जिसके बाद यहां भर्ती कराने पर सिजेरियन का हवाला देते हुए एनेस्थिसियोलॉजिस्ट चिकित्सक की कमी बताते हुए उसे रांची रिम्स रेफर का दिया गया.
इसके बाद सदर अस्पताल में घूम रहे एक बिचौलिये ने झांसे में लेकर उसे पालकोट रोड स्थित एक निजी चिकित्सालय कमीशन के चक्कर में लेकर पहुंचा दिया. जहां पर उसे भर्ती कराया और इसके बदले में बताया जाता है कि एंबुलेंस चालक को पांच हजार रुपये कमीशन मिला. महिला को निजी अस्पताल के चिकित्सक द्वारा कई प्रकार की जांच कराये गये और राशि वसूली गयी. जिसके बाद सिजेरियन के नाम पर मोटा रकम जमा करवाया और ऑपरेशन करने के बाद हालांकि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं. तब तक 70 हजार रुपये की वसूली अस्पताल ने कर लिया. इसके बाद फिर से दवा के नाम पर 20 हजार ले लिया. फिर भी पूरी तरह से स्वस्थ नहीं होने के बाद पुनः महिला को दवा और इंजेक्शन बेड चार्ज सहित खर्च की मांग की जाने लगी. जिस पर रोहित ने बताया कि वह कई लोगों से एक दिन कर्ज लेकर 90 हजार तक की राशि वहन किया. जिसके बाद पैसा के अभाव होने पर उसने अपनी पत्नी को डिस्चार्ज कराकर गुमला अस्पताल ले आया.
सीएस ने कहा
गुमला के सिविल सर्जन डॉक्टर शंभूनाथ चौधरी ने सदर अस्पताल में चिकित्सकों की कमी का हवाला देते हुए कहा कि मामला संज्ञान में आया है और लिखित प्रतिवेदन पीड़ित द्वारा दिया जाता है तो इस पर जांच करते हुए कार्रवाई किये जाने के आश्वासन दिये. इस तरह से निजी अस्पतालों पर पर मरीजों से अनाप-शनाप की वसूली पर लगाम लगाने की बात कही है. साथ ही अस्पताल में घूम रहे बिचौलियों को भी चिन्हित कर कार्रवाई करने की बात कही.
