Raid in Chainpur: चैनपुर के दो होटलों छापा, अवैध शराब जब्त
Raid in Chainpur: चैनपुर अनुमंडल की पुलिस ने दो होटलों में छापामारी कर काफी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की है. चैनपुर में शराब बिक्री पर रोक है. इसके बाद भी अवैध तरीके से अंग्रेजी शराब बेची जा रही थी. पुलिस ने जब छापामारी की तो लोग होटल में बैठ कर बड़े आराम से शराब पी रहे थे. पुलिस को देखते ही शराब पीने वाले भाग खड़े हुए. पुलिस की छापामारी के बाद अफरा तफरी का माहौल था. चैनपुर के एसडीपीओ ललित मीणा के नेतृत्व में गुरुवार को चैनपुर में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया गया. अभियान के तहत होटल अनुराग व होटल अजय में छापामारी किया गया.
छापेमारी के दौरान दोनों होटलों के कमरों व काउंटर से अंग्रेजी शराब की काफी संख्या में सील पैक बोतलें बरामद की गयी. जिसपर पुलिस द्वारा लाइसेंस से संबंधित दस्तावेज दिखाने की बात कही गयी. लेकिन होटल संचालकों द्वारा किसी प्रकार का दस्तावेज नहीं दिखाया जा सका. पुलिस ने सभी बरामद शराब को जब्त कर लिया. एसडीपीओ ललित मीणा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि होटल अनुराग व होटल अजय में अवैध रूप से शराब बेचा जा रहा है. वरिष्ठ पदाधिकारी के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया. टीम द्वारा जांच करने पर होटल अनुराग व होटल अजय से अवैध शराब बरामद किया गया है. शराब को जब्त कर लिया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा. कार्रवाई में थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, एसआइ अशोक कुमार व एएसआइ नंदकिशोर सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे.
