Raidih News : नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त मामले में चार अभियुक्तों ने किया कोर्ट में सरेंडर
Raidih News : दो माह पूर्व रायडीह में सामने आये दो नवजात शिशुओं की खरीद–फरोख्त के चर्चित मामले में एक नया मोड़ आया है. मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में शामिल चार अभियुक्तों ने मंगलवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दिया है. हालांकि, पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है. यहां बता दें कि दो माह पहले रायडीह क्षेत्र में दो नवजात बच्चों की अवैध खरीद–फरोख्त का मामला उजागर हुआ था. इस गंभीर मामले में बाल कल्याण समिति गुमला ने संज्ञान लेते हुए रायडीह थाना में लिखित आवेदन देकर कठोर कार्रवाई की मांग की थी. आवेदन प्राप्त होने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज करते हुए कांड संख्या 63/2025 के रूप में इसे रजिस्टर किया और जांच प्रक्रिया शुरू की. इसमें चार लोग पहली प्रसुता सुमन एक्का, दूसरी प्रसुता करीना भगत, बीटीटी (ब्लॉक टेक्निकल टीम सदस्य) सुमन कुजूर व सहिया पार्वती देवी पर शिशुओं के खरीद–फरोख्त का आरोप लगा था.
पुलिस और प्रशासन की भूमिका
मामले के उजागर होने के बाद रायडीह पुलिस लगातार अनुसंधान में जुटी हुई थी. लेकिन दो महीनों तक अभियुक्त गिरफ्त से बाहर रहे. अब अभियुक्तों के अदालत में आत्मसमर्पण करने की खबर से जांच की दिशा बदल सकती है. हालांकि, पुलिस या जिला प्रशासन ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.
क्या हो सकता है आगे?
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि मामले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां जल्द ही सामने आ सकती हैं. आरोपियों के सरेंडर करने के बाद उम्मीद है कि पूरे नेटवर्क और घटना की पृष्ठभूमि पर से पर्दा उठेगा. बाल संरक्षण से जुड़ा यह मामला संवेदनशील होने के कारण जिला प्रशासन भी इसे गंभीरता से देख रहा है. अब सबकी निगाहें पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं.
