नेतरहाट घाटी में सड़क दुर्घटना, ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत, पिता गंभीर
गुरदरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेतरहाट घाटी के जोहनडेरा के समीप बुधवार को दर्दनाक सड़क दुर्घटना में युवक प्रदीप कोरवा की मौके पर ही मौत हो गयी. जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गये. प्राप्त जानकारी के अनुसार चापीपाठ निवासी मधरु कोरवा अपने बेटे को स्कूटी पर बैठाकर बिशुनपुर की ओर आ रहा था. इसी दौरान नेतरहाट घाटी के जोहनडेरा के पास तीखे मोड़ पर स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया. जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े. बताया जाता है कि गिरते ही पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक युवक के ऊपर चढ़ गया. ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी. वहीं पिता मधरु कोरवा गंभीर रूप से घायल हो गये.
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. घटना की सूचना मिलते ही गुरदरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से घाटी क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है.
