Sisai News : आयुष के मौत मामले में हत्या का केस दर्ज, दोस्तों पर आरोप
Sisai News : सिसई प्रखंड के कुम्हार मोड़ निवासी रीना देवी और शिवप्रसाद साहू के पुत्र आयुष राज (10) की नदी से शव बरामद मामले में मंगलवार को नया मोड़ ले लिया है. मृतक की मां रीना देवी ने मृतक के तीन हम उम्र नाबालिग दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करायी है. ज्ञात हो कि आयुष राज की मौत पांच नवंबर को हुई थी. तीनों दोस्तों की निशानदेही पर पुलिस ने रात्रि नौ बजे डुमरटोली पंडरिया नदी से आयुष राज का शव बरामद किया था. उस समय नहाने के क्रम में डूबने से आयुष की मौत होने की बात सामने आयी थी. किंतु आयुष के चेहरे में मिले गहरे जख्म के निशान और तीनों दोस्तों के बयान में भिन्नता के कारण उसी समय से परिजन हत्या का आरोप लगा रहे थे.
थानेदार संतोष कुमार सिंह ने कहा है कि आवेदन के आलोक में कांड अंकित कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है. जल्द ही मामले को सुलझा लिया जायेगा. इधर दर्ज केस के अनुसार कहा गया है कि पांच नवम्बर की सुबह आयुष साइकिल लेकर खेलने निकला था. 11 बजे तक वापस नहीं लौटने पर उसकी मां आयुष को खोजने उसके दोस्तों के घर गयी थी. किन्तु उन लोगों ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी. करीब 12 बजे कॉलेज रोड के सीसीटीवी जांच करने पर आयुष को इन्ही तीनों दोस्तों के साथ सिसई की तरफ आते दिखायी दिया. जिसपर दोबारा उनके घर जाकर पूछने पर कोई कहता मुझे पता नहीं है. कोई कहता घर चला गया तो कोई कुछ कह कर परिजनों को गुमराह करते रहे.
देर शाम परिजन जब अपने कुछ सगे संबंधियों के साथ तीसरी बार एक दोस्त के घर पहुंचे और दबाव देकर पूछताछ करने लगे. तब एक दोस्त ने आयुष राज के नदी में डूबने की बात बतायी. जिस पर उन लोगों ने आयुष के दोस्तों को लेकर नदी के समीप गये और उनके निशानदेही पर आयुष का शव बरामद हुआ था. मृतक की मां रीना देवी ने तीनों दोस्तों पर बेटे को मारकर नदी में डालने का आरोप लगायी है.
