गुमला

Gumla : गुमला में कुत्ते के काटने से छात्रा की मौत, झाड़ फूंक बनी वजह

Gumla : गुमला जिला अंतर्गत जारी थाना क्षेत्र के किताम गांव के शंकर साय कि इकलौती बेटी 15 वर्षीय छात्रा दीपिका कुमारी की मंगलवार को कुत्ते के काटने से मौत हो गयी. इस घटना ने पूरे इलाके में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है. जानकारी के अनुसार, करीब दो माह पूर्व दीपिका स्कूल से घर लौट रही थी. तभी रास्ते में एक आवारा कुत्ते ने उसे काट लिया था. घटना के बाद परिजनों ने उसे अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक का सहारा लिया और चिकित्सीय इलाज नहीं कराया. समय के साथ उसकी तबीयत बिगड़ती गयी. लेकिन फिर भी उसे उचित इलाज नहीं मिला. मंगलवार को हालत गंभीर होने पर परिजन उसे गुमला सदर अस्पताल लेकर पहुंचे.

जहां चिकित्सक डॉ असीम विक्रांत मिंज ने बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया. परिजन उसे रांची ले जा रहे थे. लेकिन सदर अस्पताल गुमला के गेट के पास ही उसकी स्थिति और बिगड़ गयी और रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. मृतका की फुआ कुंती देवी ने बताया कि दीपिका के पिता मुंबई में काम करते हैं और उसकी मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. दीपिका परिवार की इकलौती बेटी थी और गांव की सातवीं कक्षा की मेधावी छात्रा थी. यह घटना एक गंभीर चेतावनी है कि कुत्ते के काटने जैसी घटनाओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. समय पर एंटी-रेबीज इंजेक्शन और सही इलाज से ऐसी जानलेवा स्थिति से बचा जा सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *