Gumla : 40 दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था, डूब गया नदी में, मौत
Gumla : गुमला व बसिया प्रखंड के सीमावर्ती जोलो कोयल नदी में डूबने से नेट्रोडैम स्कूल गुमला के आठवीं कक्षा के छात्र 14 वर्षीय अभिषेक कुजूर की मौत हो गयी. वह अपने 40 दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने जोलो कोयल नदी गया हुआ था. घर गुमला शहर से सटे ढोढरी है. मृतक के पिता का नाम राजेश उरांव है. नदी में डूबने के बाद काफी प्रयास के बाद स्थानीय युवकों की मदद से छात्र के शव को खोजकर नदी से निकाला गया. शव मिलने के बाद परिजनों का रोक रोकर बुरा हाल है.
परिजनों ने बताया की लगभग 40 दोस्त मिलकर पिकनिक मनाने के लिए जोलो कोयल नदी गये हुए थे. सभी दोस्तों ने मिलकर नदी तट पर फुटबॉल भी खेला. जिसके बाद नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में अभिषेक कुजूर फंस गया. इसके बाद इसकी सूचना मिलने पर स्थानीय लोग, गुमला थाना की पुलिस प्रशासन और परिजन पहुंचे. काफी खोजबीन करने के बाद शव बरामद हुआ. जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया.
इन युवकों की हिम्मत से मिला शव
समाज सेवी भोला चौधरी ने बताया कि छात्र के नदी में डूबने की सूचना पर सैंकड़ों ग्रामीण पहुंचे. इसमें जोलो गांव के किशुन उरांव, मंगल उरांव, कुलूसेरा डाड़टोली गांव के विजय गोप, छोटेश्वर गोप, आलोक बरला, सिरू उरांव नदी में कूदे और छात्र की तलाश की. इन युवकों के काफी प्रयास के बाद शव को नदी से खोजकर निकाला गया. इन युवकों ने छात्र को खोजने में काफी हिम्मत दिखायी है.
