Chainpur : हादसे में जारी के शिक्षक अशोक खलखो की मौत
Chainpur : चैनपुर थाना क्षेत्र के छतरपुर मोड़ के समीप शनिवार की सुबह 7.30 बजे सड़क हादसे में रेंगनीटोली निवासी अशोक कुमार खलखो (35) की मौत हो गयी. वे राजकीयकृत उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय जारी में शिक्षक थे. जानकारी के अनुसार अशोक अपनी सेंट्रो कार से किसी कार्य से गुमला जा रहे थे. इसी दौरान छत्तरपुर मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक ट्रक (जेएच02डब्ल्यू 7481) से उनकी कार की सीधी टक्कर हो गयी. ट्रक में चावल लोड था. ट्रक डुमरी जा रहा था. ट्रक व कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. कार में सवार अशोक कार में फंसा रह गया और उसने कार के अंदर ही दम तोड़ दिया.
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक दकीनेश्वर रजक को ट्रक से सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद काफी मशक्कत के बाद शिक्षक अशोक के शव को कार से बाहर निकाला जा सका. सड़क दुर्घटना में अशोक के निधन पर उनके घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं घटना की सूचना प्रशासनिक पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को दी गयी. सूचना मिलते ही बीडीओ यादव बैठा, सीओ दिनेश गुप्ता, जिप सदस्य मेरी लकड़ा, दिलीप बड़ाइक, मुखिया सुशील दीपक मिंज व जारी पुलिस घटना स्थल पर पहुंचे. चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया गया. सुबह-सुबह सड़क हादसे में शिक्षक अशोक की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है.
