Crime News : गुमला शहर में चर्चित चोरीकांड मामले में दो चोर गिरफ्तार
Crime News : गुमला पुलिस ने शहर में हुए चोरी कांड का उदभेदन कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों मोहम्मद शाहिल और मोहम्मद शहनवाज को गिरफ्तार किया है. दोनों चोर शहर के रजा कॉलोनी निवासी हैं. पुलिस ने बताया कि दोनों चोरों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
जानकारी के अनुसार चोरी का यह मामला दो अगस्त 2025 की है. जब गुमला शहर के मोहम्मद रशीद के घर से दिनदहाड़े चोरी की घटना घटी थी. चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकद 50 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया था. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया था. पीड़ित परिवार ने तत्काल इसकी सूचना गुमला थाना को दी थी. जिसके बाद पुलिस ने त्वरित जांच शुरू कर दी थी.
एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक छापेमारी दल गठित किया गया था. तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल सर्विलांस और स्थानीय स्रोतों की मदद से पुलिस ने चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान की. गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को खड़िया पाड़ा के समीप से गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ के क्रम में दोनों ने अपराध कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने ही रशीद के घर का ताला तोड़ा था और नकद पैसे व जेवरात चुरा लिए थे. पुलिस ने चोरों की निशानदेही पर कुछ चोरी के जेवरात भी बरामद किये हैं. बाकी चोरी की गयी रकम और सामान की बरामदगी के लिए पुलिस अब अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
