स्कूल में फुटबॉल खेल रहे बच्चों पर गिरा 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार, बाल-बाल बचे बच्चे
गुमला के भरनो प्रखंड मुख्यालय स्थित सीताराम साव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शनिवार को एक बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गयी. स्कूल में लंच के समय जब बच्चे मैदान में फुटबॉल खेल रहे थे. तभी अचानक 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर जमीन पर आ गिरा. तार में विद्युत प्रवाहित होने के कारण उसमें तुरंत आग लग गयी और चिंगारियां निकलने लगीं. तार को गिरता देख मैदान में खेल रहे बच्चों ने सूझबूझ दिखायी और किसी तरह भागकर स्कूल भवन के अंदर चले गये. इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक स्कूटी सवार व्यक्ति भी चालू तार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया.
ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप
घटना के बाद पूरे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया. स्कूल के शिक्षकों ने बिना समय गंवाये तुरंत बिजली विभाग के कर्मियों को मामले की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पावर हाउस से बिजली आपूर्ति बंद की गयी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. घटना से आक्रोशित विद्यालय के शिक्षकों और स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय के ठीक पास से सालों पहले यह हाईटेंशन लाइन गुजरी थी, जिसके तार अब बेहद जर्जर हो चुके हैं. विभाग को बार-बार सूचित करने के बाद भी इन्हें बदला नहीं जा रहा है.
बारिश के इस मौसम में जर्जर तारों के टूटने का खतरा और बढ़ गया है, जिससे मासूम बच्चों की जान हमेशा जोखिम में बनी रहती है. बहरहाल, बिजली विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर टूटे हुए तार की मरम्मत कर दी है, जिसके बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गयी. स्थानीय लोगों ने विभाग से स्कूल के पास से गुजरने वाले तारों को जल्द से जल्द बदलने या इन्हें कवर करने की मांग की है.
