गुमला

Gumla : पड़ोसी पर दुष्कर्म और वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने का आरोप

Gumla : गुमला शहरी क्षेत्र की एक युवती के साथ पड़ोस के ही एक युवक द्वारा दुष्कर्म करने तथा आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल करने का मामला सामने आया है. घटना को लेकर पीड़िता और उसके परिजनों ने सदर थाना गुमला में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने पहले युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया. इसी दौरान उसने आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया. आरोप है कि बाद में उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वह पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल करता रहा और उसे अपनी हवस का शिकार बनाता रहा. भय और सामाजिक बदनामी के डर से युवती लंबे समय तक चुप रही.

बताया जा रहा है कि आरोपी ने कथित रूप से वीडियो को कुछ लोगों के बीच साझा भी कर दिया. जिससे मामला उजागर हुआ. इसके बाद पीड़िता ने साहस जुटाकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. परिवार के सदस्यों ने तुरंत थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करायी.

घटना के बाद से पीड़िता और उसके परिजन गहरे सदमे में हैं. परिजन दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है. संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जायेगी तथा उसे हर संभव कानूनी और मनोवैज्ञानिक सहयोग उपलब्ध कराया जायेगा. प्रशासन ने लोगों से अपील किया है कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री को साझा न करें और कानून व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *