कुएं में तैरता मिला शव, गुमला की 3 दर्दनाक खबर पढ़ें
गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कसपोड़या गांव निवासी स्व ढुनू मुंडा के पुत्र 15 वर्षीय कामदेव मुंडा का शव सोमवार को सिलाफारी गांव स्थित एक कुएं से बरामद किया गया. जानकारी के अनुसार कामदेव मुंडा अपने जीजा छोटेलाल मुंडा के साथ गुमला के सिलाफारी गांव में रह रहा था. वह 18 फरवरी की शाम से अचानक लापता हो गया था. परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किये जाने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया. इसी बीच 23 फरवरी को सिलाफारी गांव निवासी सुरेश साहू के कुएं में एक शव तैरता हुआ दिखायी दिया. इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही गुमला पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा बनाया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
कुएं से 50 वर्षीय महिला का शव बरामद
गुमला के सदर थाना क्षेत्र के हुरहुरिया गांव में गत रविवार को कुएं से लगभग 50 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया है. महिला की पहचान आंजन गांव की एक महिला के रूप में की गयी है. ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बतायी जा रही है. आशंका जतायी जा रही है कि मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह कुएं में गिर गयी या उसने स्वयं कुएं में छलांग लगा दी. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
तालाब खुदाई में मिल नवजात शिशु का शव
पालकोट पुलिस ने सोमवार को थाना क्षेत्र के लालगढ़ पतराटोली स्थित आंबाकोना से एक नवजात शिशु का शव बरामद किया है. आंबाकोना में ग्रामीणों द्वारा तालाब निर्माण हेतु खुदाई किया जा रहा था. खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से नवजात शिशु का निकला. ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना पालकोट पुलिस को दी. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
