Ghaghra : महुआ चुनने गये वृद्ध का शव नाले से बरामद, हत्या की आशंका
Ghaghra : गुमला जिला अंतर्गत घाघरा थाना के बिमरला पंचायत अंतर्गत बीआर ग्राम में 62 वर्षीय गणेश मुंडा की हत्या कर उसके शव को नाले में फेंक दिया गया. बुधवार को शव घर से करीब एक किलोमीटर दूर करंज गड़हा स्थित नाले से बरामद किया गया है. घटना की सूचना मिलते ही घाघरा पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिये गुमला भेज दिया है. जानकारी के अनुसार, गणेश मुंडा और उसकी बेटी सुषमा मुंडा साथ रहते थे. सोमवार की सुबह वह अपनी बेटी से यह कहकर निकला कि वह महुआ चुनने जा रहा है. घर से एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित महुआ के पेड़ों के पास वह अक्सर जाया करता था. सोमवार को भी घटनास्थल पर उनके महुआ चुनने की सामग्री और टोकरी भरी हुई मिली. लेकिन गणेश मुंडा घर वापस नहीं लौटा. जब सोमवार की रात तक गणेश घर नहीं आया तो उसकी बेटी ने मंगलवार की सुबह ग्रामीणों को सूचित किया.
शुरुआत में ग्रामीणों को लगा कि वह कहीं चला गया होगा. लेकिन मंगलवार की रात तक भी पता नहीं चलने पर बुधवार को ग्रामीण एकजुट होकर खोजबीन के लिये निकले. तलाश के दौरान करंज गड़हा के समीप एक नाले से उसका शव बरामद हुआ. शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने आशंका जतायी है कि गणेश मुंडा की हत्या की गयी है, क्योंकि उनके गर्दन और पेट पर नाखून के निशान जैसे जख्म दिखायी दिख रहे हैं. वहीं मामले की जांच कर रहे एएसआइ सूचित कुमार पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत नहीं हो रहा है. फिर भी पुलिस हर बिंदु पर छानबीन कर रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पायेगा.
