Gumla : गुमला में खौफनाक वारदात, नशे में पति बना हैवान, पत्नी को चाकू मारकर उतारा मौत के घाट
Gumla : गुमला जिले के कामडारा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है, जहां घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया. मिशन चौक स्थित टोंगरी गांव में नशे में धुत पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी. मृतका की पहचान 28 वर्षीय शांति कंडुलना के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति ग्लेडशन कंडुलना को पुलिस ने घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, आरोपी पति ग्लेडशन कंडुलना शराब के नशे में घर लौटा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर पत्नी के साथ कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते मामूली विवाद ने उग्र रूप ले लिया और गुस्से में बेकाबू पति ने चाकू उठाकर पत्नी के पेट में वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल शांति कंडुलना की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई. हालांकि घटना के वक्त घर में ग्लेडशन के चचेरे भाई की शादी थी. घर में घुसी का माहौल था. इसी दौरान शादी घर में हत्या की घटना घट गयी.
मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही कामडारा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं आरोपी पति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है. इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब के नशे में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे समाज में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
