गुमला

Gumla : छात्रों का प्रदर्शन, स्कूल में शिक्षक की कमी, छात्र सड़क पर उतरे, किया जाम

Gumla : गुमला में छात्रों ने प्रदर्शन किया. वजह, स्कूल में शिक्षक की कमी है. छात्र सड़क पर उतर आये और एनएच सड़क को पटेल चौक के समीप जाम कर दिया. जिससे रांची व छत्तीसगढ़ राज्य की मुख्य सड़क एक घंटे जाम रही. चिलचिलाती धूप में छात्र सड़क पर हाथों में तख्ती लेकर शिक्षक की मांग कर रहे थे. हालांकि, प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्र सड़क से हटे और स्कूल लौट गये. मामला गुमला शहर के करमटोली स्थित मॉडल स्कूल की है.

छात्रों ने बुधवार की दोपहर अपनी पढ़ाई को लेकर सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध दर्ज कराया है. चिलचिलाती धूप में तीन दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं ने पटेल चौक को जाम कर दिया और स्कूल में शिक्षकों की कमी पर नाराजगी जतायी. प्रदर्शन कर रहे बच्चों का कहना था कि पहले स्कूल में प्रिंसिपल विश्वजीत चौरसिया सहित कुल आठ शिक्षक थेे. लेकिन धीरे-धीरे शिक्षकों की संख्या घटती गयी. पहले तीन शिक्षक हटाये गये. फिर एक और कम हो गया. अब अंग्रेजी शिक्षक संजय कुमार को भी हटाने की बात सामने आयी है. ऐसे में स्कूल में पढ़ाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है. छात्रों ने बताया कि कक्षा छह से 10वीं तक करीब 200 बच्चे पढ़ते हैं. लेकिन शिक्षकों की संख्या लगातार घटने से पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है. उनका सवाल था कि अगर एक और शिक्षक हटा दिया गया, तो उनकी पढ़ाई और भविष्य का क्या होगा.

डीटीओ व थानेदार ने हटवाये जाम

छात्रों द्वारा सड़क जाम की सूचना मिलते ही जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञानशंकर जायसवाल और थाना प्रभारी महेंद्र करमाली मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें समझाया और भरोसा दिलाया कि जल्द ही एक टीम स्कूल जाकर पूरे मामले की जांच करेगी और उचित कदम उठाये जायेंगे. अधिकारियों ने बच्चों को तेज धूप में सड़क पर खड़े रहने से होने वाले नुकसान के बारे में भी समझाया. प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्र-छात्राएं शांत हुए और वापस अपने स्कूल लौट गये. छात्रों के प्रदर्शन के बाद अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रशासन स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर क्या ठोस कदम उठाता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *