गुमला

फिटनेस प्रमाण पत्र में मुहर लगाने के लिए घूस मांगने पर एनसीसी छात्रों ने हंगामा किया

सिसई रेफरल अस्पताल में एनसीसी कैडेट छात्रों से मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र देने के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है. बीते एक सप्ताह से परेशान छात्रों ने सोमवार को अस्पताल में जमकर हंगामा किया. प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्तिक उरांव उच्च विद्यालय छारदा के 55 छात्र-छात्राओं को एनसीसी कैंप में भाग लेने के लिए मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र की आवश्यकता है. सभी विद्यार्थियों ने गत मंगलवार को ही रेफरल अस्पताल में जांच कराकर प्रमाण पत्र जमा कर दिया है.

आरोप है कि अस्पताल कर्मी द्वारा प्रमाण पत्र पर मोहर लगाने के नाम पर प्रति छात्र 30 रुपये की मांग की जा रही थी. छात्रों ने जब पैसे देने से इनकार किया तो उन्हें कई दिनों तक अस्पताल के चक्कर लगाने को मजबूर किया गया. तीन-चार दिनों तक लगातार परेशान होने के बाद सोमवार को सभी छात्र एकसाथ अस्पताल पहुंचे. जहां कुछ छात्रों ने रिश्वत देने का विरोध करते हुए पैसे के बदले रसीद की मांग की. जिससे मामला और गरमा गया. स्थिति बिगड़ती देख संबंधित कर्मी कार्यालय छोड़कर फरार हो गया.

हंगामे की सूचना मिलते ही रोहित शर्मा, मुकेश डेविड, लक्ष्मी नारायण यादव, संजय वर्मा एवं संजय महतो सहित कई भाजपा कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे. जहां भाजपा नेताओं ने अस्पताल कर्मियों को फटकार लगाते हुए छात्रों के बीच मेडिकल प्रमाण पत्र का वितरण सुनिश्चित कराया. छात्रों में आक्रोश व्याप्त है और दोषी कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *