गुमला

बोलेरो की टक्कर से युवक की मौत, एक गंभीर

गुमला के रायडीह थाना स्थित सिलम गांव के पास एनएच सड़क पर गुरुवार को हुए सड़क हादसे में 30 वर्षीय मो इमरोज आलम की मौत हो गयी. जबकि सनाउल्लाह अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल का इलाज रिम्स में चल रहा है.

जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. जानकारी के अनुसार मो इमरोज आलम लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के सिंजो गांव का रहने वाला था. वहीं घायल सनाउल्लाह अंसारी भरनो थाना क्षेत्र के तुरीअम्बा गांव निवासी बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि दोनों बसुआ गांव से सिमडेगा जिले के रायबेरा में आयोजित बहुराता कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. परिजनों ने बताया कि मृतक इमरोज आलम का ससुराल बसुआ में है. वहीं उसकी एक रिश्तेदार बहन की शादी बुधवार को बसुआ गांव में संपन्न हुई थी. शादी समारोह के बाद गुरुवार को दोनों टोटो से बहुराता कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान सिलम के पास रायडीह से गुमला आ रही एक अज्ञात बोलेरो ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी.

हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन को वापस रायडीह की ओर मोड़कर फरार हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल गुमला लाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को रिम्स रेफर कर दिया. लेकिन रांची ले जाने के दौरान रास्ते में इमरोज आलम की मौत हो गयी. देर शाम शव को वापस सदर अस्पताल लाया गया. जहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गयी. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *