गुमला में बनेगा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, भूमि चिन्हित करने का निर्देश
जिला खेल संचालन समिति गुमला की बैठक उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार चंदाली में हुई. बैठक में जिले में खेल अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण एवं खिलाड़ियों के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों एवं बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा किया गया. संत पात्रिक उच्च विद्यालय गुमला में डे-बोर्डिंग फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र (बालक) तथा संत पियुस उच्च विद्यालय कामडारा में डे-बोर्डिंग फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र (बालिका) खोलने के प्रस्ताव पर विचार किया गया.
साथ ही गुमला जिले में बालिकाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (फुटबॉल-बालिका) की स्थापना हेतु खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया. इसके अतिरिक्त गुमला सदर एवं भगत सिंह स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बसिया में फुत्सल कोर्ट निर्माण, गुमला, बसिया व चैनपुर में बैडमिंटन इंडोर स्टेडियम हेतु मैट अधिष्ठापन, विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में इंडोर जिम स्थापना से संबंधित प्रस्तावों एवं गुमला सदर में स्विमिंग पूल निर्माण, परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम में खिलाड़ियों हेतु डगआउट निर्माण, कामडारा एवं जारी (बुमतेल) में हॉकी खिलाड़ियों के लिए ड्राई एस्ट्रोटर्फ अधिष्ठापन तथा तेलंगा खड़िया स्टेडियम में डगआउट व नेट फेंसिंग की व्यवस्था करने पर भी विचार-विमर्श किया गया.
वहीं डुमरी, जारी एवं कामडारा प्रखंड स्तरीय स्टेडियमों के अपग्रेडेशन, मरम्मति एवं जीर्णोद्धार का प्रस्ताव भी रखा गया. बैठक के दौरान कोचों द्वारा खिलाड़ियों की सुविधाओं से संबंधित विभिन्न मांगें भी रखी गयी. बालिका हॉस्टल की स्थापना, परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम के मैदान का जीर्णोद्धार, पानी की समस्या का समाधान, खेल किट की उपलब्धता पुनः प्रारंभ करने, चेंजिंग रूम निर्माण, कुश्ती खिलाड़ियों के लिए मैट की व्यवस्था एवं फिजियोथेरेपी सेंटर की स्थापना जैसी मांगे रखी गयी. मौके पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि खेल विकास से संबंधित सभी प्रस्तावों को समुचित माध्यम से संबंधित विभागों को भेजा जाये तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाये. उन्होंने गुमला में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का भी निर्देश दिया. बैठक में जिला खेल पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित विभिन्न प्रखंडों के कोच एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
