कांग्रेस के सभी विंगों की बैठक में संगठन मजबूती पर जोर
गुमला जिला अध्यक्ष राजनील तिग्गा की अध्यक्षता में स्थानीय सर्किट हाउस में कांग्रेस पार्टी के सभी विंगों के पदाधिकारियों की बैठक हुई. बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष दयामनी बारला, प्रदेश उपाध्यक्ष सह ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष साहू सहित दोनों विंगों के प्रदेश कोऑर्डिनेटर उपस्थित थे. दयामनी बारला ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है. उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाना है. उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में जाकर पार्टी की स्थिति को समझने और देखने का अवसर मिला. जहां कई महत्वपूर्ण बातें सामने आयी.
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दृष्टिकोण से जिले में तीन विधानसभा क्षेत्र और 12 प्रखंड आते हैं, इसलिए सभी विंगों को आगे बढ़कर संगठन को मजबूत करना होगा. कांग्रेस का इतिहास संघर्षों से भरा रहा है और गुमला की भी अपनी अलग पहचान है. संघर्ष करने वाले लोग हमेशा कांग्रेस के साथ रहे हैं. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि सिमडेगा प्रवास के दौरान ग्रामीण जीवन को करीब से देखने के बाद ही पंचायती राज कानून लाया गया. आज राहुल गांधी भी उसी मार्ग पर चल रहे हैं. दयामनी बारला ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद लगातार पूछा जाता है कि 70 वर्षों में क्या हुआ. जबकि देश के अधिकांश महत्वपूर्ण कानून कांग्रेस की देन हैं. उन्होंने कहा कि आज गरीबों को प्रति यूनिट पांच किलो अनाज मिलने जैसी योजनाओं की वास्तविक नींव कांग्रेस ने रखी थी. लेकिन उसका श्रेय दूसरे लोग ले रहे हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस की नीतियों और जनहितकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाएं तथा पार्टी की विचारधारा से प्रभावित लोगों को संगठन से जोड़ें. अभिलाष साहू ने कहा कि जिला अध्यक्ष पर कार्य का अधिक भार होने का एहसास पार्टी नेतृत्व को हुआ है. इसी को देखते हुए फ्रंटल विंग को मजबूत बनाने की दिशा में पहल की गयी है. उन्होंने कहा कि सभी विंग मिलकर काम करें. क्योंकि काम से ही पहचान बनती है.
उन्होंने 12 प्रखंडों में कमेटी गठन पर जोर देते हुए कहा कि एकता में ही ताकत है. उन्होंने कहा कि निष्क्रिय कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर सवाल उठाया जाना चाहिए. यदि कोई समय नहीं दे पा रहा है तो सक्रिय कार्यकर्ताओं को अवसर देना चाहिए. बैठक में जिला उपाध्यक्ष रोहित उरांव, महिला जिला अध्यक्ष मीणा देवी, एनएसयूआइ जिला अध्यक्ष प्रीति कुमारी, युवा कांग्रेस सचिव ऋषि कुमार, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष बिंदेश्वर साहू, फिरोज आलम, कामगार प्रकोष्ठ के मोख्तार आलम, एससी मोर्चा जिला अध्यक्ष भुनेश्वर राम एवं किसान प्रकोष्ठ की मीरा हमीद सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे.
