गुमला

चंदाली में युवक की मौत बनी रहस्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर

गुमला जिले के सदर थाना के चंदाली स्थित इंद मेला मैदान से युवक की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिये हैं. मृतक की पहचान हरसीत उरांव के रूप में हुई है, जो एक सेवानिवृत्त फौजी का पुत्र बताया जा रहा है. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोग मौत के पीछे की असली वजह जानने को लेकर उत्सुक हैं. शुरुआती जानकारी में घटनास्थल के आसपास खून के निशान मिलने की बात सामने आयी थी. जिससे हत्या की आशंका जतायी जाने लगी. सूचना पर पुलिस भी सक्रिय हुई और मृतक के घर पहुंची. लेकिन परिजनों ने युवक के बीमार होने तथा रांची में इलाज चलने की बात कही थी.

इधर गुरुवार को मामले में नया मोड़ सामने आया. बताया गया कि हरसीत मंगलवार की रात अपनी मां के साथ घर में सोया था. बुधवार की सुबह उसकी मां मॉर्निंग वॉक पर चली गयी. लौटने पर उसने बेटे को सीढ़ी के नीचे गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान हालत में पड़ा देखा. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. जहां से बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया. रिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. मामले की गंभीरता को देखते हुए बरियातू पुलिस ने रिम्स में फर्द बयान दर्ज किया और शव का पोस्टमार्टम कराया.

परिजनों द्वारा मृतक के दोनों नेत्र भी दान किये गये हैं. फिलहाल मौत किन परिस्थितियों में हुई. यह स्पष्ट नहीं हो सका है. अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है. जिससे यह साफ हो सकेगा कि युवक की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई और कारण है. घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है. कोई इसे दुर्घटना बता रहा है तो कोई मारपीट और हत्या की आशंका जता रहा है. हालांकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *