गुमला

फिशरी कॉलेज गुमला के विद्यार्थी पहुंचे काकद्वीप और कोलकाता

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद खारा पानी जलीय कृषि संस्थान (आईसीएआर-सीआईबीए) काकद्वीप केंद्र एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद केंद्रीय मात्स्यिकी शिक्षा संस्थान (आईसीएआर-सीआईएफई) कोलकाता के तत्वावधान में स्टूडेंट रेडी कार्यक्रम के तहत आयोजित 30 दिवसीय प्रशिक्षण (27 अप्रैल से 27 मई तक) में मात्स्यिकी विज्ञान महाविद्यालय गुमला के सत्र 2022–26 के विद्यार्थियों ने भाग लिया. प्रशिक्षण के प्रथम चरण का आयोजन काकद्वीप में हुआ. काकद्वीप में विद्यार्थियों ने डॉक्टर स्टैंजिन गावा व डॉक्टर प्रसांत जाना के नेतृत्व में प्रशिक्षण में भाग लिया.

जहां विद्यार्थियों ने खारे पानी की जलीय कृषि के विभिन्न पहलुओं पर सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया. विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक तकनीक द्वारा झींगा पालन, फिनफिश व क्रस्टेशियन का पोषण व आहार प्रबंधन, मत्स्य आहार निर्माण, झींगा बीज उत्पादन, झींगा में होनेवाले वायरल एवं बैक्टीरियल रोग, खारे पानी की मछलियों के रोग तथा जलीय कृषि में विविधीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्राप्त की. साथ ही विद्यार्थियों को पीसीआर, जेल इलेक्ट्रोफोरेसिस, माइक्रोस्कोप के माध्यम से लाइव फीड अवलोकन, नेटिंग संचालन तथा सिंकिंग फीड निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया और विद्यार्थियों ने लाइव फीड यूनिट, हैचरी, फीड मिल, एकीकृत मत्स्य पालन इकाई, स्लूस गेट प्रणाली, केज कल्चर मॉडल तथा संस्थान के तालाबों का भ्रमण भी किया. वहीं प्रशिक्षण के द्वितीय चरण का आयोजन कोलकाता केंद्र में किया गया.

जहां विद्यार्थियों ने मत्स्य एवं जलीय कृषि, फिनफिश एवं शेलफिश की पोषण आवश्यकताएं, मिश्रित मत्स्य पालन, कार्प मछलियों का प्रेरित प्रजनन एवं हैचरी संचालन, उच्च मूल्य की मछलियों का प्रजनन, लाइव फीड कल्चर, फीड का प्रॉक्सिमेट विश्लेषण, जल एवं मिट्टी गुणवत्ता विश्लेषण तकनीक, सजावटी मत्स्य प्रजनन, मीठे पानी में मोती उत्पादन तथा जलीय कृषि में जैव प्रौद्योगिकी के उपयोग से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त किया. इसके साथ ही विद्यार्थियों को सिंघी मछली में हार्मोन इंजेक्शन, प्रोटीन आकलन, ईथर एक्सट्रैक्ट विश्लेषण, हिस्टोलॉजी, इलिसा, स्पेक्ट्रोफोटोमीटर संचालन, रक्त एवं सीरम संग्रहण तथा मत्स्य रोग निदान एवं नियंत्रण उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया. इसके पश्चात विद्यार्थियों ने पश्चिम बंगाल पशु एवं मात्स्यिकी विज्ञान विश्वविद्यालय, नेजामी रेखा सी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड, हावड़ा फिश मार्केट, राम कुमार फिशरी ऑर्नामेंटल फिश फार्म, कल्याणी फीड मिलिंग प्लांट तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद केंद्रीय अंतर्देशीय मत्स्य अनुसंधान संस्थान का भ्रमण भी किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *